कैमूर बिहार/Etv News 24
आगामी जीवितपुत्रिका (जिउतिया) पर्व से ठीक पहले कैमूर जिले के प्रमुख जलाशयों में मगरमच्छ दिखने से हड़कंप मच गया है। दुर्गावती जलाशय (करमचट डैम) और जगदहवा डैम सहित आसपास के जलक्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से मगरमच्छों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
पर्व के दौरान जलाशयों में जुटने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन शाखा ने आम जनता की सुरक्षा के लिए विशेष दिशा-निर्देश और अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि नहाने या कपड़े धोने के लिए लोग किसी भी हाल में गहरे पानी में न जाएं। साथ ही बच्चों को जलस्रोतों के पास अकेले भेजने पर रोक लगाने और मवेशियों को पानी के किनारे से दूर रखने की सख्त हिदायत दी गई है।
प्रशासन की अपील और दिशानिर्देश:
गहरे पानी से दूर रहें: पर्व के अवसर पर स्नान या अन्य कार्यों के लिए गहरे पानी में जाने से पूरी तरह बचें।
रात के समय आवाजाही पर रोक: जलाशयों के आसपास अकेले या रात के अंधेरे में जाने से परहेज करें।
मगरमच्छ से न करें छेड़छाड़: यदि पानी के किनारे या आसपास मगरमच्छ दिखाई दे, तो उसके नजदीक न जाएं और न ही उसे किसी प्रकार नुकसान पहुँचाने या उकसाने का प्रयास करें।
आपदा प्रबंधन शाखा ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति या मगरमच्छ की सूचना मिलने पर तुरंत जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र, कैमूर के हेल्पलाइन नंबर 06189-222080 पर संपर्क करें।




