नई दिल्ली/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
नई दिल्ली। 27 सितंबर 2026 बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। वित्त मंत्रालय ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) को खुले रखने का निर्णय लिया है।
बताया गया है कि यह फैसला यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया है। हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं पर संभावित असर को कम करने के लिए रविवार को भी बैंक शाखाओं को संचालित रखने की व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रविवार को सभी बैंक शाखाओं और कार्यालयों के साथ-साथ एटीएम से जुड़ी शाखाओं तथा बैंकों और एटीएम में नकदी की उपलब्धता सुनिश्चित करने वाले करेंसी चेस्ट को भी पूरी तरह चालू रखने की अनुमति दी है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य बैंक ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना और प्रस्तावित हड़ताल के दौरान नकदी एवं अन्य बैंकिंग सुविधाओं में संभावित परेशानी को कम करना है।
बैंक ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी जरूरी बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संबंधित शाखा के संचालन और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें।




