पूर्व मंत्री अरविंद राजभर की नजर संगठन की मजबूती पर, इसौली में कार्यकर्ताओं से होगा सीधा संवाद
17 जिलों में संगठन समीक्षा का खाका तैयार, 25 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलेगा सुभासपा का अभियान
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
सुलतानपुर जनपद मे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने संगठन को सक्रिय करने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्यमंत्री डॉ. अरविंद राजभर के प्रस्तावित कार्यक्रमों की सूची जारी कर दी गई है। इसके तहत 30 सितंबर को सुलतानपुर के इसौली विधानसभा क्षेत्र में संगठन समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। पार्टी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार डॉ. अरविंद राजभर विभिन्न जिलों में पहुंचकर संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
सुभासपा प्रदेश कार्यालय से 19 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप में बताया गया है कि डॉ. अरविंद राजभर का कार्यक्रम 25 सितंबर से शुरू होकर 16 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान आजमगढ़, मऊ, बहराइच, जौनपुर, सुलतानपुर, लखनऊ, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, बलिया, वाराणसी और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में संगठनात्मक कार्यक्रम होंगे।
सुलतानपुर के लिए 30 सितंबर की तारीख तय की गई है। इस दिन इसौली विधानसभा क्षेत्र में संगठन समीक्षा बैठक होगी। ऐसे में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की नजर अब इस कार्यक्रम पर टिकी है। बैठक में संगठन की गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर पार्टी के कामकाज की समीक्षा किए जाने की संभावना है।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक 25 सितंबर को आजमगढ़ के अतरौलिया में संगठन समीक्षा बैठक, 26 सितंबर को मऊ के मोहम्मदाबाद गोहना में युवा सम्मेलन, 27 सितंबर को मऊ के घोसी में संगठन समीक्षा बैठक और 28 सितंबर को बहराइच में जनसभा प्रस्तावित है। इसके बाद 29 सितंबर को जौनपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा।
30 सितंबर को सुलतानपुर के इसौली में समीक्षा बैठक के बाद एक अक्टूबर को लखनऊ प्रदेश कार्यालय में प्रदेश की बैठक प्रस्तावित है। चार अक्टूबर को बस्ती के महादेवा, पांच अक्टूबर को महाराजगंज के फरेंदा और छह अक्टूबर को कुशीनगर के रामकोला में संगठन समीक्षा बैठक होगी। नौ अक्टूबर को बलिया के बैरिया रोड, 10 और 12 अक्टूबर को मऊ, 13 अक्टूबर को बलिया के रसड़ा, 14 अक्टूबर को वाराणसी के अजगरा, 15 अक्टूबर को आजमगढ़ के दीदारगंज तथा 16 अक्टूबर को अंबेडकरनगर के जलालपुर में संगठन समीक्षा बैठक प्रस्तावित है।
संगठन के विस्तार और सक्रियता पर रहेगा जोर
लगातार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में समीक्षा बैठकों का कार्यक्रम जारी किए जाने से सुभासपा के संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ने के संकेत हैं। सुलतानपुर में होने वाली बैठक को लेकर स्थानीय पदाधिकारी तैयारियों में जुटेंगे। इसौली विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय से जारी पत्र में संबंधित मंडल एवं जिला अध्यक्षों को कार्यक्रम की जानकारी भेजी गई है। कार्यक्रमों की लंबी सूची से साफ है कि सुभासपा नेतृत्व आने वाले दिनों में जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को लेकर सीधा फीडबैक लेने की कवायद में जुटा है।




