सासाराम रोहतास/ Etv News 24
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश के आलोक में जिले में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं नर्सिंग होम के विरुद्ध सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में ऐसे संस्थानों की जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में अनुमंडल पदाधिकारी, डेहरी, बिक्रमगंज एवं सासाराम द्वारा अपने-अपने क्षेत्राधिकार में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं नर्सिंग होम के विरुद्ध लगातार जांच एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।
डेहरी अनुमंडल:डेहरी अनुमंडल क्षेत्र में कुल 12 संस्थानों/केंद्रों की जांच की गई। जांच के दौरान 01 को सील किया गया है। 02 संस्थानों के कागजात की जांच की जा रही है, जबकि 09 संस्थानों की जांच सही पाई गई है।
बिक्रमगंज अनुमंडल:बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र में कुल 36 संस्थानों/केंद्रों की जांच की गई। जांच के दौरान 02 को सील किया गया है। 10 संस्थानों के कागजात की जांच की जा रही है, जबकि 24 संस्थानों की जांच सही पाई गई है।जिले में अवैध अल्ट्रासाउंड एवं नर्सिंग होम के संचालन के संबंध में कई जनप्रतिनिधियों द्वारा भी अपनी चिंता व्यक्त करते हुए इस विषय पर आवाज उठाई गई है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने संबंधित पदाधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति अथवा संस्थान नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्र अथवा नर्सिंग होम का संचालन करते हुए पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी के निर्देश पर यह जांच एवं छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्राधिकार में संचालित संस्थानों की जांच करते रहें तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।




