तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड के लिए गर्व का क्षण है। तिलौथू निवासी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक देवनाथ चौरेसिया के पुत्र कुमार उत्सव का चयन भारत के सर्वोच्च न्यायालय में माननीय न्यायमूर्ति ए. एस. चंदूरकर के Law-Clerk-cum Research Assistant के रूप में हुआ है। इस चयन के साथ अब वे सर्वोच्च न्यायालय में सीधे माननीय न्यायाधीश के साथ न्यायिक एवं विधिक शोध कार्यों में अपनी सेवाएं देंगे।कुमार उत्सव इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) के न्यायिक अनुभाग में Legal Researcher के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कानून, संवैधानिक कानून एवं अन्य महत्वपूर्ण कानूनी मामलों में शोध एवं विश्लेषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे रोहतास जिले के लिए गौरव का विषय है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे जिले के पहले ऐसे विधि स्नातक हैं जिन्हें सीधे सर्वोच्च न्यायालय के किसी माननीय न्यायाधीश के साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है।गौरतलब है कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय में केवल 38 न्यायाधीश कार्यरत हैं तथा प्रत्येक वर्ष देशभर से लगभग 200 प्रतिभाशाली विधि स्नातकों का चयन Law- Clerk- cum Research Assistant के रूप में किया जाता है। यह चयन अत्यंत प्रतिस्पर्धी और प्रतिष्ठित माना जाता है।कुमार उत्सव की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने इसे रोहतास के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है और विश्वास जताया है कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी को न्यायिक सेवा एवं विधि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।




