तिलौथू रोहतास/Etv News 24
माय युवा भारत (MY Bharat), रोहतास के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राधा शांता महाविद्यालय, तिलौथू परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस एवं माय भारत के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं तथा युवाओं ने भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ योगाचार्य वैद्य अजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोमल निगम (जिला युवा अधिकारी, रोहतास) उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक कुमार सिंह (प्रधानाचार्य, राधा शांता महाविद्यालय) ने की। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवन-पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार होते हैं। इसके अलावा अनिश (ब्लॉगर) एवं रवि रंजन मेहता (वीडियो क्रिएटर) भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं को नियमित योग करने एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम की सफलता में शिवाजी हैप्पी क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार का विशेष योगदान रहा। आयोजन की तैयारी से लेकर कार्यक्रम के सफल संचालन तक उन्होंने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। माय युवा भारत परिवार ने उनके महत्वपूर्ण सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी अश्विनी कुमार दुबे, सदस्य माय भारत द्वारा निभाई गई। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।




