तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
13 बिहार बटालियन एनसीसी, औरंगाबाद के तत्वावधान में राधा शांता कॉलेज, तिलौथू (रोहतास) परिसर में 30 मई से 08 जून 2026 तक आयोजित CATC-XII प्रशिक्षण शिविर के नौवें एवं अंतिम दिन विभिन्न गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।प्रातःकाल सभी एनसीसी कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) के दौरान आत्मरक्षा के लिए जूडो एवं कराटे का प्रशिक्षण दिया गया। इसके पश्चात पीआई स्टाफ द्वारा ड्रिल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स का चयन किया गया। साथ ही एएनओ सचिदानंद कुमार एवं अजीत कुमार सिंह के निर्देशन में चयनित कैडेट्स के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।शिविर के समापन अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल प्रदीप कुमार तक्षक के नेतृत्व में समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेट्स ने अनुशासन, नेतृत्व, ड्रिल, फायरिंग, खेलकूद, क्विज तथा सांस्कृतिक गतिविधियों सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। यह प्रशिक्षण उन्हें भविष्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं तथा एनसीसी के A, B एवं C सर्टिफिकेट परीक्षाओं में लाभ पहुंचाएगा।उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी कैडेट्स को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर शिविर प्रमाण-पत्र (कैंप सर्टिफिकेट) भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद सभी कैडेट्स अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे।संध्या में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इस अवसर पर 13 बिहार बटालियन एनसीसी के सभी एएनओ, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




