डेहरी रोहतास/ Etv News 24
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के एनएसएस ,एनसीसी एवं नारायण नर्सिंग कॉलेज इकाइयों द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जगदीश सिंह ने वृक्षारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में कुलाधिपति के सलाहकार डॉ. महेंद्र सिंह, रजिस्ट्रार डॉ. कुमार आलोक प्रताप सिंह, परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह सहित कई गणमान्य शिक्षकों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक वेदांत कुमार प्रजापति एवं एनसीसी अधिकारी डॉ. मयंक कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया। कृषि संकाय के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. धनंजय तिवारी एवं संदीप कुमार तथा फार्मेसी संकाय के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी आयुष कटायन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी बीच नारायण नर्सिंग कॉलेज के तत्वावधान में भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्या डॉक्टर के लता एवं उप-प्राचार्या डॉक्टर श्वेता शर्मा के निर्देशन में पौधा रोपण के साथ ही छात्रों द्वारा जागरूकता संबंधी व्याख्यान एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।विभाग के विद्यार्थियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवक आशीष रंजन सहित अनेक स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भारत के निर्माण हेतु अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।




