तिलौथू रोहतास/Etv News 24
तिलौथू राधा शांता कॉलेज में आयोजित 13 एनसीसी बिहार बटालियन , औरंगाबाद के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) के आज चौथे दिन के प्रशिक्षण के दौरान एनसीसी कैडेट्स को स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया।यह प्रशिक्षण कैंप 30 मई से 08 जून तक 10 दिनों का है। ऑफिसर-इन-चार्ज (MOIC) तिलौथू की टीम द्वारा कैडेट्स को सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation), स्वास्थ्य एवं स्वच्छता (Health & Hygiene), प्राथमिक उपचार (First Aid) तथा आपदा प्रबंधन (Disaster Management) के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक उपायों एवं दुर्घटना के समय त्वरित सहायता प्रदान करने के व्यावहारिक तरीकों का प्रदर्शन भी किया।कार्यक्रम में कैडेट्स को बताया गया कि किसी व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने या हृदय गति रुकने की स्थिति में सीपीआर किस प्रकार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही स्वच्छता, प्राथमिक चिकित्सा और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण शिविर कैंप कमांडेंट कर्नल प्रदीप तक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. प्रभात एवं श्री अमरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपदा एवं स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण कौशलों को सीखा। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कैडेट्स को अनुशासित जागरूक एवं समाज सेवा के लिए सदैव तैयार रहने में सहायक सिद्ध होते हैं।प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कैडेट्स में नई ऊर्जा और उत्साह का विकास होगा, जिससे वे भारतीय सेना सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकेंगे।वहीं समाज में कभी भी कहीं किसी व्यक्ति को सीपीआर या प्राथमिक उपचार की आवश्यकता हो तो उसकी भी जानकारी उपलब्ध कराई गई।



