तिलौथू /रोहतास/Etv News 24
बिहार सरकार के नवनिर्वाचित पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शनिवार को रोहतास प्रखंड के तेलकप पंचायत का दौरा कर यहां संचालित विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पिपराडीह गांव में नवस्थापित पुस्तकालय का उद्घाटन किया तथा पंचायत सरकार भवन में उपलब्ध जनसेवाओं की जानकारी ली। मंत्री के आगमन पर ग्रामीणों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।दौरे के दौरान मंत्री ने नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार के लिए चयनित तेलकप पंचायत की मुखिया अनीता टोप्पो से मुलाकात कर पंचायत में हुए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने पंचायत में शिक्षा, स्वच्छता, जनसेवा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि तेलकप पंचायत ने सीमित संसाधनों में भी विकास का एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत किया है। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि एक महिला जनप्रतिनिधि के रूप में अनीता टोप्पो ने सभी चुनौतियों और सामाजिक मिथकों को पीछे छोड़ते हुए पंचायत के चहुंमुखी विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि तेलकप पंचायत की उपलब्धियां न केवल रोहतास जिले बल्कि पूरे बिहार के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अन्य पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी यहां के विकास मॉडल से सीख लेकर अपने क्षेत्रों में जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।मंत्री ने पंचायत सरकार भवन स्थित आरटीपीएस काउंटर का निरीक्षण किया तथा वहां से निर्गत विभिन्न प्रमाण पत्र ग्रामीणों के बीच वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को अधिक से अधिक सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाएं ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। पंचायत सरकार भवन को ग्रामीण प्रशासन का सशक्त केंद्र बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान पंचायत सफाई प्रवेक्षक द्वारा वेतन भुगतान से संबंधित एक ज्ञापन मंत्री को सौंपा गया। वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर लिखित ज्ञापन सौंपे। मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के निदेशक नवीन कुमार सिंह, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के जिला अध्यक्ष कपिल सिंह, रालोसपा प्रदेश महासचिव कामेश्वर सिंह, संतोष शुक्ला जदयू ज़िला बीस सूत्री सदस्य एवं जिला उपाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी ऋषिकेश कुमार, बीपीआरओ मोहम्मद खालिद आलम, पंचायत सचिव शिवेन्दु कुमार सहित सुरेंद्र उरांव, लालबिहार सिंह, दिव्या भारती, जयप्रकाश वर्मा, सिद्धेश्वर वर्मा, रणजीत कुमार, दीपक कुमार, ललन कुमार सिंह, गया सोनी, अमरनाथ कुमार, धनंजय कुमार, गोपाल प्रसाद, अजय कांत रोहित, आशीष कुमार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।मंत्री के दौरे को लेकर पूरे पंचायत क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मंत्री के इस दौरे से पंचायत के लंबित विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा तेलकप पंचायत की उपलब्धियों को राज्य स्तर पर और अधिक पहचान प्राप्त होगी।



