डेहरी रोहतास Etv News 24
डेहरी अनुमंडल क्षेत्र के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच के लिए एमडीएस फाउंडेशन द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. कुमार अंशुमन ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इन शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम स्कूलों में जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। जांच के दौरान बच्चों की आंख, कान, दांत, खून की कमी (एनीमिया), कुपोषण समेत सामान्य बीमारियों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही बच्चों को साफ-सफाई, संतुलित आहार और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।प्रो. अंशुमन ने कहा कि गंभीर बीमारी से ग्रसित बच्चों का आगे का इलाज भी नि:शुल्क कराया जाएगा, ताकि जरूरतमंद बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। यह अभियान अगले सप्ताह से शुरू होकर चरणबद्ध तरीके से विभिन्न प्रखंडों के स्कूलों में संचालित किया जाएगा।उन्होंने स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि शिविर के दौरान सभी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इस सुविधा का लाभ उठा सकें।प्रो. अंशुमन ने बताया कि उनकी माता मां मैना देवी एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ रहे उनके पिता स्व. डॉ. दरबारी सिंह की प्रेरणा से उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने का संकल्प लिया है। फाउंडेशन द्वारा डालमियानगर में मॉडर्न मॉडल स्कूल का संचालन भी किया जा रहा है, जहां गरीब बच्चों को विशेष छूट प्रदान की जाती है।प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।



