मथुरा की चिंतन बैठक के बाद भाजपा एक्शन मोड में, चुनाव प्रचार की खुद करेंगे निगरानी
संगठन से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत होगी तैयारी, राजनीतिक समीकरणों और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर भी रहेगी नजर
नई दिल्ली/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ पार्टी अब चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उत्तर प्रदेश में भाजपा के चुनावी अभियान की कमान सौंपे जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह हर महीने कम से कम सात दिन उत्तर प्रदेश में बिताएंगे और चुनावी तैयारियों से लेकर प्रचार अभियान तक की खुद निगरानी करेंगे।
मथुरा में आयोजित भाजपा की चिंतन बैठक के बाद पार्टी के भीतर चुनावी गतिविधियों को लेकर सक्रियता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि अमित शाह प्रदेश में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, जातीय और सामाजिक समीकरणों तथा विपक्ष की रणनीति का आकलन कर आगामी चुनाव की दिशा तय करेंगे। उनका प्रदेश में नियमित प्रवास कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों के बीच भी नई ऊर्जा पैदा करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
राजनीतिक दृष्टि से उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए बेहद अहम है। ऐसे में पार्टी का जोर केवल सरकार की उपलब्धियों के प्रचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों, नाराजगी, सहयोगी दलों के साथ तालमेल और कमजोर विधानसभा क्षेत्रों की पहचान पर भी रहेगा। अमित शाह के नेतृत्व में चुनावी अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की तैयारी है।
कानून-व्यवस्था और सामाजिक समीकरण भी होंगे रणनीति के केंद्र में
भाजपा की चुनावी रणनीति में कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी महत्वपूर्ण रहने की संभावना है। पार्टी प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और विकास कार्यों को जनता के बीच प्रमुखता से रखने की तैयारी कर सकती है। वहीं, विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संवाद बढ़ाने और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
इसके साथ ही विपक्ष के मुद्दों और सरकार के खिलाफ उठ रहे सवालों का राजनीतिक जवाब देने की रणनीति भी बनाई जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, अमित शाह प्रदेश संगठन के साथ लगातार संवाद कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। हालांकि, उनके प्रदेश प्रवास और चुनावी जिम्मेदारियों को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि होना बाकी है।




