अनुशासन और शारीरिक दक्षता बनाए रखने पर दिया जोर, पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
112 की कार्यप्रणाली परखी, आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
सुलतानपुर मे पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने 20/11/2026 शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की अनुशासन व्यवस्था, एकरूपता और शारीरिक दक्षता का जायजा लिया। परेड की सभी टोलियों को दौड़ और ड्रिल कराई गई। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ पूर्ण अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत दी।

परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर परेड ग्राउंड सहित अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने आपातकालीन सेवा-112 में तैनात पुलिसकर्मियों के बॉडी कैमरा, इवेंट रिस्पॉन्स प्रणाली और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आपातकालीन परिस्थितियों में सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की बैरकों में साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैरकों की आवश्यक मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस लाइन के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




