प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के विभिन्न विषयों में नामांकन की प्रक्रिया 21 और 22 को होगी। विश्वविद्यालय में नामांकन अखिल भारतीय स्तर की परीक्षा सीयूएटी के रैंकिंग के अनुसार एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की काउंसलिंग के अनुसार की जाती है। विश्वविद्यालय में नामांकन को लेकर कुलपति डॉ पी एस पांडेय के निर्देशानुसार की टीम बनाई गई है जो दो दिनों में छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी करेगी। कुलपति डॉ पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय में विभिन्न राज्यों के छात्र नामांकन के लिए आते हैं। उनको किसी तरह की कोई असुविधा न हो इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एक ही स्थान पर नामांकन से संबंधित सभी प्रक्रिया पूरी की जायेगी। नामांकन के तुरंत बाद छात्रों को हास्टल भी एलाट कर दिया जाएगा। डॉ पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार छात्र केंद्रित निर्णय ले रहा है, जिससे छात्रों में उत्साह है। विश्वविद्यालय की एनआईआरएफ रैंकिंग में भी अच्छा स्थान हासिल किया है जिसके कारण देश भर के अच्छे रैंकिंग वाले बच्चे यहां नामांकन का प्रयास कर रहे हैं। कुलसचिव डॉ पी के प्रणव ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर रेलवे स्टेशन से बस की व्यवस्था की गई है ताकि दूसरे राज्यों से आने वाले छात्रों को कोई समस्या न हो। इन दोनों स्टेशनों पर विश्वविद्यालय के कर्मचारी भी छात्रों की सहायता के लिए रहेंगे। अभिभावकों के लिए सशुल्क भोजन और पानी की भी उचित व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय में स्नातक के 451, स्नातकोत्तर के 312,एवं पीएचडी के 66 सीटों पर नामांकन लिया जायेगा।



