सासाराम रोहतास/Etv News 24
सासाराम। बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर रोहतास जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा का आयोजन तीन चरणों में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। प्रथम चरण की परीक्षा 14 एवं 15 अप्रैल को, द्वितीय चरण 17 एवं 18 अप्रैल को तथा तृतीय चरण 20 एवं 21 अप्रैल को संपन्न होगी। प्रत्येक दिन परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे मध्याह्न तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे अपराह्न तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटे पूर्व तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके पश्चात किसी भी परिस्थिति में अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।इस प्रतियोगिता परीक्षा के लिए रोहतास जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 11988 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।परीक्षा के सफल संचालन को लेकर रोहतास समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी उदिता सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान अधिकारियों को बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता बनाये रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ करेंगे। पुलिस अधीक्षक ने भी कानून-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया।



