करगहर (रोहतास) Etv News 24
करगहर निवासी गौतम सागर और उनकी पत्नी कंचन देवी महाशिवरात्रि पर गुप्ता धाम से जल चढ़ाकर लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह दुर्घटना कुदरा थाना क्षेत्र के चनवक गांव के पास हुई। हादसे में कंचन देवी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गौतम सागर गंभीर रूप से घायल हो गए।
गौतम सागर को तत्काल चंदौली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दंपती महाशिवरात्रि के अवसर पर गुप्ता धाम में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए गए थे। दर्शन के बाद वे बाइक से अपने घर करगहर लौट रहे थे, तभी चनवक गांव के पास यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने भी मामले की जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंगलवार को राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने करगहर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने गौतम सागर के परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि वे सरकार से भी पीड़ित परिवार को उचित मदद दिलाने का प्रयास करेंगे।
सांसद के आगमन पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद रहे। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।



