सासाराम/ Etv News 24/ बिहार
जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) के साथ राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता (एडीएम) तथा राजस्व प्रभारी जफर हसन भी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अंचलवार लंबित राजस्व मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रकार के लंबित मामलों का निष्पादन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब से आम जनता को परेशानी होती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी सुधार, भूमि विवाद से संबंधित मामलों सहित अन्य राजस्व कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।जिलाधिकारी उदिता सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले, अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल स्तर के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



