करगहर रोहतास/Etv News 24
अररुआं पैक्स में दूसरी बार निर्वाचित प्रबंध कार्यकारिणी समिति के आठ सदस्यों ने जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित प्राधिकार को इस्तीफा सौंप दिया । जिससे पैक्स का कार्य बाधित हो गया । सदस्य प्रबंध कार्यकारिणी समिति के निर्वाचित सदस्य दुर्गा कुमारी , धीरेंद्र कुमार,फूल कुमारी देवी ,कंचन देवी, धर्मेंद्र कुमार ,चंदेश्वर सिंह ,शिव केसरी देवी और गुड्डी कुमारी ने बताया कि निर्वाचित पैक्स अध्यक्ष के मनमानी पूर्ण रवैए और पैक्स के आवश्यक रजिस्टरों पर जबरन हस्ताक्षर कराने से क्षुब्ध होकर सभी सदस्यों ने इस्तीफा दिया है । उन्होंने बताया कि त्यागपत्र की प्रतिलिपि निर्वाची पदाधिकारी, बीसीओ,डीसीओ और बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार को भेजा गया है । ज्ञातव्य है कि नवंबर 2024 में प्रखंड के सभी 20 पैक्सों में चुनाव सपन्न हुआ था। अररुआं पैक्स में अध्यक्ष पद पर दिव्यांशु पटेल निर्वाचित घोषित किए गए थे । लेकिन प्रबंध कार्यकारिणी के 9 सदस्यों इस्तीफा देने के कारण जून 2025 में पुनः चुनाव कराया गया । न्यायालय के आदेश के आलोक में परिणाम की घोषणा नहीं की गई । विगत 18 अगस्त को उच्च न्यायालय के आदेश पर अररुआं पैक्स में अध्यक्ष पद के विजयी उम्मीदवार दिव्यांशु पटेल तथा प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र दिया गया । लेकिन प्रबंध कार्यकारिणी के निर्वाचित 11 सदस्यों में से 8 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया । ऐसी स्थिति में कमेटी का गठन नहीं किया गया । जिससे पैक्स का कार्य बाधित हो गया है । प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्यों की इस्तीफा देने के मामले में वरीय अधिकारियों से मार्गदर्शन मांगी गई है।



