करगहर रोहतास/Etv News 24
बड़हरी थाना क्षेत्र के खखड़ा गांव में एक विवाहिता की धारदार हथियार से हत्या कर शव को 2 दिनों तक घर में छुपा कर रखने का मामला प्रकाश में आया है । इस संबंध में विवाहिता के पिता ने हत्या में शामिल आठ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है ।घटना के संबंध में करगहर थाना क्षेत्र के बकसड़ा ग्राम पंचायत अंतर्गत समहुता निवासी विवाहिता के पिता उमेश पासवान ने बताया कि वर्ष 2010 में अपनी पुत्री मीरा कुमारी की शादी बड़हरी थाना क्षेत्र के खखड़ा निवासी मदन पासवान के पुत्र संजू कुमार पासवान से संपन्न किया था। शादी के कुछ ही दिनों बाद वह उनकी पुत्री को प्रताड़ित करने लगा। यह सिलसिला चलता रहा। तब मैंने रिश्तेदारों के साथ खखड़ा गांव में पहुंचकर पंचायती किया और दामाद को समझाया गया । लेकिन उसकी हरकतों में सुधार नहीं हुआ। तब इसकी शिकायत थाना में की गई । जहां पुलिस के समक्ष मारपीट न करने तथा पत्नी के साथ शांतिपूर्ण जीवन यापन करने का लिखित आवेदन दिया । उन्होंने बताया कि काफी दिनों तक सुधार रहा लेकिन विगत तीन-चार महीने से उसके स्वभाव में बदलाव आया और वह पुनः मेरी पुत्री को प्रताड़ित करने लगा । विगत मंगलवार को पति के अवैध संबंधों को लेकर दोनों में झड़प हुई । तब उसने एक योजना के तहत मेरी पुत्री को मार डालने का निर्णय लिया। बुधवार की देर रात मीरा के पति , पिता सहित आठ लोगों ने मिलकर धारदार हथियार से उसे मार डाला । शव को प्लास्टिक के बैग में भरकर पलंग के नीचे छुपा दिया । हत्या के बाद दोनों बच्चों को डरा धमका दिया कि यह बात किसी को मत बताना । भयभीत व सहमे बच्चे अपनी मौसी के गांव खैरहीं पर पहुंच गए तथा घटना की जानकारी दी । गुरुवार की देर शाम इसकी सूचना पुलिस को दी गई । जहां पलंग के नीचे छुपा कर रखा गया शव बरामद किया गया ।थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता उमेश पासवान के बयान पर पति , पिता व भाइयों सहित आठ लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की गई है । अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है ।



