9 बजे गांधी चौक ताजपुर से निकलेगा बंदी जुलूस, ताजपुरवासी भाग लेकर सफल बनाएं-इंडिया गठबंधन
बिहार में गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्य, निजीकरण, एनपीएस पर रोक लगाओ- इंडिया गठबंधन
4 श्रम संहिता, 12 घंटे कार्य दिवस आदेश, नये फौजदारी कानून रद्द करो- इंडिया गठबंधन
प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर मोदी सरकार की मजदूर व देश विरोधी कारपोरेट परस्त नीतियों के खिलाफ 4 श्रम संहिता पर रोक लगाने, 12 घंटे कार्य दिवस आदेश व नये फौजदारी कानून रद्द करने, बिहार में गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, निजीकरण एवं एनपीएस पर रोक लगाने आदि मांगों को लेकर 9 जुलाई की देशव्यापी मजदूर हड़ताल की सफलता को लेकर बृहस्पतिवार को ताजपुर के जनता मैदान में इंडिया गठबंधन की बैठक आयोजित की गई।अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। बैठक में आंदोलनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में 9 जुलाई को ट्रेड यूनियनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर प्रस्तावित आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए स्कीम वर्कर्स, मजदूर-किसान का जीबी बैठक, नुक्कड़ सभा, प्रचार- प्रसार समेत व्यापक तैयारी करने का निर्णय लिया गया। तय हुआ कि हड़ताल के दिन 9 जुलाई को मजदूर-किसान अपना काम बंद रखकर सुबह 9 बजे गांधी चौक ताजपुर से जुलूस निकालेंगे।बैठक को संबोधित करते हुए राजद प्रखंड अध्यक्ष मो० नूर आलम ने कहा कि केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने, स्थायी काम की गारंटी करने, ठेका कर्मचारियों के लिए समान काम का समान वेतन की नीति लागू करने आदि मुद्दों को लेकर यह हड़ताल जनाक्रोश का प्रतीक होगा।भाकपा अंचल मंत्री रामप्रीत पासवान ने केंद्र सरकार की उपेक्षापूर्ण एवं जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाकर गरीब एवं वंचित तबकों का नाम मतदाता सूची से बाहर करने की साज़िश कर रही है जो निंदनीय है। यह लोकतंत्र एवं संविधान के खिलाफ है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल मालिक ने ताजपुर वासियों से आम हड़ताल एवं बिहार बंद आंदोलन को सक्रिय समर्थन देकर बड़ी भागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की।मौके पर वीआईपी के प्रखंड अध्यक्ष फैजान अहमद, भाकपा के शंकर राय, राजेश कुमार, रामबृक्ष राय, विश्वनाथ पंडित, कांग्रेस के मो० मोईन रजा, कमरूल हसन, अबू हैदर, मो० अरमान, संजय राय, राजद के मो० शकील, भाकपा माले के आसिफ होदा, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, मो० मुन्ना, मो० नेमत, मो० तबरेज आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।



