26 नवंबर को प्रार्थना सभा में होगा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क और बैज बनाने की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को प्रदेश के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में महानिदेशक स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश की ओर से 21 नवंबर को माध्यमिक और बेसिक शिक्षा निदेशकों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत प्रदेश के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में संविधान में निहित मूल्यों और सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष गतिविधियां कराई जाएंगी।
निर्देश के अनुसार, 26 नवंबर को विद्यालयों की सुबह की प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को संविधान सभा के सदस्यों के जीवन, योगदान और व्यक्तित्व के बारे में शोध एवं चर्चा के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को अपने जनपद अथवा राज्य से संबंधित संविधान सभा के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने और उनके योगदान पर विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इस गतिविधि में संसद की आधिकारिक वेबसाइट और एनसीईआरटी की ओर से तैयार संक्षिप्त नोट्स का उपयोग किया जा सकेगा।
संविधान दिवस को रचनात्मक और रोचक बनाने के लिए विद्यालयों में पोस्टर निर्माण, चित्रकला, संविधान से प्रेरित बुकमार्क, बैज और कोलाज तैयार करने जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों, अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रमों के सफल संचालन और समन्वय के लिए प्रत्येक जनपद में एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए हैं। नोडल अधिकारी को आयोजित गतिविधियों, प्रतिभागियों की संख्या तथा कार्यक्रमों के जियो-टैग्ड फोटो और वीडियो निर्धारित गूगल ट्रैकर पर अपलोड कराना होगा। शासन का उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक चेतना और नागरिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना है।




