जानकीपुरम के लोटस पोर्टिको के पास मिला था दीपक कश्यप का शव ईंट से वार कर की गई थी हत्या
फरार प्रेमी मनोज की तलाश में जुटी पुलिस
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
जानकीपुरम थाना क्षेत्र में हुए दीपक कश्यप हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पति की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ज्योति कश्यप ने अपने कथित प्रेमी मनोज के साथ मिलकर रची थी। वारदात को अंजाम देने के लिए ईंट से दीपक के सिर पर वार किया गया था। मामले में पुलिस ने पत्नी ज्योति कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका कथित प्रेमी मनोज अभी फरार है।
जानकीपुरम स्थित लोटस पोर्टिको के पास दीपक कश्यप का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर ज्योति कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा के निर्देशन में जानकीपुरम थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार तिवारी की टीम ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, हत्या में शामिल फरार आरोपी मनोज की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पत्नी की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। मनोज की गिरफ्तारी के बाद मामले में और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।




