अखण्डनगर-कादीपुर मार्ग पर हुआ हादसा
अम्बेडकरनगर जिला अस्पताल किया गया रेफर
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया, तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
अखण्डनगर-कादीपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बुलेट मोटरसाइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक किशोर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद किशोर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अम्बेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, उमरी निवासी रामजीत यादव (45) पुत्र राम केवल अपने साथ अंकुर यादव (13) पुत्र सुरेश कुमार यादव के साथ बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूपी 44 एपी 4421 से जा रहे थे। इसी दौरान कार संख्या यूपी 32 एसडी 6366 ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी अखण्डनगर ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने उनका प्राथमिक उपचार किया। अंकुर की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए अम्बेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बुलेट को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




