2027 का चुनाव संविधान और आरक्षण बचाने की लड़ाई, अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही होगा प्रदेश का विकास
गोरखपुर की PDA यात्रा से भाजपा के सफाए का होगा शंखनाद, SIR को लेकर भी मुख्यमंत्री पर उठाए सवाल
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/ संवाददाता वागीश
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं होगा, बल्कि यह संविधान, आरक्षण और लोकतांत्रिक अधिकारों को बचाने की निर्णायक लड़ाई होगी। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से पूरी तरह ऊब चुकी है और अब उससे छुटकारा चाहती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का वास्तविक विकास समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही संभव है।
अवधेश प्रसाद ने प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि दलितों की जमीनों पर कब्जे, उनके घरों को गिराए जाने और उनके साथ अत्याचार की घटनाएं चिंता का विषय हैं। किसान खाद के लिए परेशान हैं। गेहूं की बुवाई के समय खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धान क्रय केंद्रों पर भी खरीद की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं, प्रदेश का युवा रोजगार और भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर जनता में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
आजम खान के मामले में भाजपा पर लगाए आरोप
सपा सांसद ने वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से मिली कानूनी राहत पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान के खिलाफ की गई कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण थी और उन्हें कथित झूठे तथ्यों के आधार पर मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा गया। अवधेश प्रसाद ने कहा कि आजम खान को लगातार परेशान किया गया है। उनके साथ किए गए व्यवहार का जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को देगी। उन्होंने दावा किया कि यह मुद्दा भाजपा के लिए चुनाव में भारी पड़ सकता है।
PDA यात्रा से भाजपा को चुनौती देने की तैयारी
गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रस्तावित PDA यात्रा को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने गोरखपुर की धरती को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यहां से भाजपा के खिलाफ बदलाव का संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा। उनके मुताबिक, PDA यात्रा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करने के साथ आगामी चुनाव की राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगेगा और प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।
SIR के आंकड़ों को लेकर मुख्यमंत्री पर सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के SIR संबंधी बयान पर भी अवधेश प्रसाद ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से यह पूछना पूरी तरह जायज है कि मुख्यमंत्री को संबंधित आंकड़ों की जानकारी कैसे मिली और इसके पीछे क्या संदेश था। उन्होंने सवाल किया कि यह जानकारी देने वाला कौन था और इसके राजनीतिक मायने क्या हैं। अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा के पास अब जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं बची है। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।




