बांग्लादेशी पासपोर्ट के साथ आधार, पैन व वोटर आइडी बरामद
दस्तावेज तैयार करने वाला आरोपित भी पकड़ा गया, बैंक खाता खुलवाने का मामला
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
बाजारखाला पुलिस ने स्थानीय इनपुट और खुफिया सूचना के आधार पर भारत में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने फर्जी तरीके से भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज तैयार कराए थे और उन्हीं के आधार पर बैंक खाता भी खुलवाया था। पुलिस ने उसके साथ फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोपित एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली थी कि भदेवा क्षेत्र में एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक रह रहा है। वह फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आइडी बनवाकर भारतीय पहचान का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना पर बाजारखाला पुलिस ने गुलजारनगर चौकी क्षेत्र में ऐशबाग रेलवे स्टेशन रोड के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसकी पहचान सज्जाद हुसैन (28) पुत्र अब्दुल कादिर, मूल निवासी नार्थ मेखल वार्ड नंबर-03, हथाजरल रहीमपुर, चटोग्राम, बांग्लादेश के रूप में हुई। वर्तमान में वह भदेवा स्थित नसीरूल्ला अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, भारतीय पैन कार्ड, वोटर आइडी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक दस्तावेजों के सत्यापन में उसके वीजा की अवधि समाप्त होने और फर्जी भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेजों के जरिए भारत में रहने की बात सामने आई।
पूछताछ में सामने आया दस्तावेज तैयार कराने वाले का नाम
पुलिस के अनुसार फर्जी दस्तावेज तैयार कराने के संबंध में पूछताछ करने पर सज्जाद ने मो. तलहा (40) पुत्र दिलशाद अहमद, निवासी भदेवा, बाजारखाला का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने तलहा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों आरोपितों से भारत में रहने के उद्देश्य और फर्जी दस्तावेज तैयार कराने से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
बाजारखाला थाने में मुकदमा अपराध संख्या 181/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 की धारा 31 और इमिग्रेशन एंड फॉरनर्स एक्ट-2025 की धारा 23ए में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना जारी है।
आइफोन समेत दो मोबाइल और दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से आइफोन 17 प्रो मैक्स, मोटोरोला जी84 5जी, दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, पैन कार्ड और भारत निर्वाचन आयोग का वोटर आइडी कार्ड बरामद किया है। गिरफ्तारी रेलवे कॉलोनी ग्राउंड के पास सड़क, गुलजारनगर से की गई। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह समेत बाजारखाला थाने की पुलिस टीम शामिल रही।




