नबीनगर/औरंगाबाद/Etv News 24
ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नबीनगर ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करीब 43 लीटर अंग्रेजी एवं देशी शराब बरामद की। एक मामले में शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में लावारिस हालत में देशी शराब बरामद की गई।पहली कार्रवाई 1 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर अंकौरहा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर की गई।

आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम, उप निरीक्षक जय प्रकाश प्रसाद सहित आरपीएफ जवानों तथा स्थानीय एनटीपीसी खैरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गाड़ी संख्या 63557 अप के कोच संख्या 988920 की जांच की। इस दौरान दो पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में एक युवक को पकड़ा गया।पूछताछ में युवक ने अपना नाम आकाश कुमार (19 वर्ष), पिता दिनेश सिंह, ग्राम हिच्छन बिगहा, थाना दाउदनगर, जिला औरंगाबाद बताया। उसके दोनों बैग की तलाशी लेने पर रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, रॉयल डिलक्स, ओल्ड मानक सहित अन्य ब्रांड की शराब और बीयर बरामद हुई। साथ ही टांच स्ट्रांग देशी शराब भी मिली। बरामद शराब की कुल मात्रा 10.250 लीटर बताई गई। आरपीएफ ने जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त करते हुए आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

बाद में आवश्यक कार्रवाई के लिए गिरफ्तार युवक, जब्त शराब और लिखित शिकायत को स्थानीय एनटीपीसी खैरा थाना पुलिस को सौंप दिया गया।लावारिस हालत में 32.8 लीटर देशी शराब बरामदवहीं दूसरी कार्रवाई में आरपीएफ टीम ने नबीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर गाड़ी संख्या 53357 अप के कोच संख्या EC-074786 की जांच के दौरान लावारिस हालत में रखी दो प्लास्टिक की बोरियां बरामद कीं।जांच करने पर एक आईएफएफसीओ खाद की प्लास्टिक बोरी से 119 बोतल छबीली देशी शराब, प्रत्येक 200 एमएल, जबकि दूसरी सफेद प्लास्टिक बोरी से 30 बोतल टनाका देशी शराब, प्रत्येक 300 एमएल बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 32.8 लीटर तथा अनुमानित कीमत 6,705 रुपये बताई गई है।आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम ने शराब को विधिवत जब्त कर लिखित शिकायत के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय नबीनगर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया। दोनों कार्रवाइयों में आरपीएफ ने शराब तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रखने की बात कही है।




