करगहर रोहतास /Etv News 24
प्रखंड की जनता की मूलभूत जरूरतों और जनसुविधाओं को लेकर विकासशील इंसान पार्टी के रोहतास जिलाध्यक्ष विवेक सिंह कुशवाहा ने राज्यसभा सांसद श्री उपेन्द्र कुशवाहा जी को अपने लेटर पैड पर पत्र लिखकर क्षेत्र में आवश्यक जनहित के कार्यों को स्वीकृत कराने की मांग की है।पत्र के माध्यम से विवेक सिंह कुशवाहा ने कहा कि करगहर बाजार में आज भी आम लोगों के लिए कई जरूरी सार्वजनिक सुविधाओं का अभाव है। विशेष रूप से गांव-देहात से बाजार आने वाली माता-बहनों एवं महिलाओं को सार्वजनिक शौचालय की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह महिलाओं की सुविधा, सम्मान और स्वच्छता से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का विषय है।उन्होंने राज्यसभा सांसद से करगहर बाजार एवं क्षेत्र में 5 हाईमास्ट/स्ट्रीट लाइट, 2 सामुदायिक शौचालय, 4 सामुदायिक पेशाबघर तथा छठ घाट के निर्माण एवं विकास के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।विवेक सिंह कुशवाहा ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से करगहर बाजार में आने वाले ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। बाजार में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ स्वच्छता एवं सार्वजनिक सुविधाओं का भी विस्तार होगा।उन्होंने कहा कि यह मांग किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि करगहर प्रखंड की जनता की मूलभूत जरूरतों से जुड़ी मांग है। राज्यसभा सांसद श्री उपेन्द्र कुशवाहा जी के माध्यम से यदि इन जनहित कार्यों को स्वीकृति मिलती है और कार्य धरातल पर उतरते हैं, तो इससे करगहर क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।विवेक सिंह कुशवाहा ने उम्मीद जताई कि राज्यसभा सांसद जनभावना को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक पहल करेंगे।




