पटना/बिहार/ Etv News 24
मत्स्य निदेशालय की एडवाइजरी के अनुसार, नेपाल में आई बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ क्षेत्रों में अज्ञात अथवा असामान्य प्रकार की मछलियों के पहुंचने की सूचना मिली है। बाढ़ के दौरान तालाब, नदी, झील एवं अन्य जलाशयों से मछलियां बहकर दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंच सकती हैं। ऐसी स्थिति में अपरिचित या असामान्य दिखने वाली मछलियों की पहचान को लेकर विशेष सतर्कता आवश्यक है।बाढ़ के पानी में गंदगी, मृत जीव-जंतुओं एवं अन्य दूषित पदार्थों के संपर्क में रहने के कारण मछलियों में जीवाणु एवं विषाणुजनित संक्रमण का खतरा भी हो सकता है। ऐसे में अज्ञात या असामान्य मछलियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, रोहतास आशीष रंजन ने बताया कि जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि बाढ़ के पानी में पाई जाने वाली अज्ञात अथवा असामान्य दिखने वाली मछलियों का सेवन न करें। ऐसी मछलियों को खरीदने-बेचने तथा खाने में उपयोग करने से भी बचें। बिना पहचान एवं संबंधित विभाग से पुष्टि के किसी भी अपरिचित मछली का सेवन नहीं किया जाए।उन्होंने बताया कि यदि ऐसी मछली के सेवन के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर आना, सांस लेने में कठिनाई या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें।जिला प्रशासन ने आमजनों से अफवाहों पर ध्यान न देने, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा अज्ञात मछलियों के सेवन से पूरी तरह बचने की अपील की है।




