करगहर रोहतास /Etv News 24
गृह वास और आवास योजना के लाभ से वंचित प्रखंड के अमवलिया टोला के दर्जनों महादलित सोमवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और हंगामा के दौरान उन्होंने कहा कि जब भूमि और आवास उपलब्ध नहीं कर सकते तो बरसात से बचने के लिए प्लास्टिक की ही व्यवस्था कर दीजिए । महादलित ने इस आशय का आवेदन पत्र अंचलाधिकारी को दिया ।महादलित टोला के तुलसी मुसहर , गुड्डू मुसहर, सिकंदर मुसहर,संजय मुसहर ,सरिता देवी घूरा मुसहर, सविता देवी ,महंती देवी ,उषा देवी, गीता देवी राजमती देवी, मधु देवी ,रीता देवी ,सरस्वती देवी, सुहागन देवी, धर्मावती देवी आदि ने बताया कि अमवलिया गांव से सटे महादलित टोला स्थित है । 50 घरों की इस बस्ती में अधिकांश के पास नीजी भूमि नहीं है । फल स्वरुप वे बर्षो से सरकारी भूमि पर झोपड़ी लगाकर गुजर बसर कर रहे हैं । मजदूरी से परिवार का भरण पोषण करते हैं । उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है लेकिन महादलित टोला में विकास की किरणें नहीं पहुंची । गृह वास योजना के अंतर्गत उन्होंने कई बार आवेदन पत्र दिया लेकिन उन्हें तीन डिसमिल भूमि इस योजना के तहत उपलब्ध नहीं कराई गई । फल स्वरुप निजी भूमि के अभाव में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उन्हें नहीं मिला ।महादलितों ने बताया कि पेय जल के लिए दो हैंड पंप में एक वर्षों से खराब है।गली नाली का यहां निर्माण नहीं कराया गया है । उन्होंने बताया कि तेज हुई बारिश में उनकी झोपड़ी बर्बाद हो गई। जिसकी वजह से प्लास्टिक ओढ़ कर उन्होंने रात बिताई है । ऐसी परिस्थिति में वे परिवार का सिर ढकने के लिए तीसरी बार प्रखंड कार्यालय पहुंच कर अंचलाधिकारी से प्लास्टिक या त्रिपाल की मांग कर रहे हैं।अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि महादलित के आवेदन के आलोक में आवास की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जिला मुख्यालय को त्रिपाल उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा जा रहा है ।




