सुबह घर से निकली थी 19 वर्षीय अंजली, तलाश के दौरान कुएं में मिला शव
हादसा या आत्महत्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सुल्तानपुर/उत्तर प्रदेश/संवाददाता वागीश कुमार/Etv News 24
सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के बहुरावां ग्राम पंचायत के पूरे औघड़ मजरे में सोमवार को डुहिया जंगल के पास कुएं में 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती सुबह घर से निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर उसका पता नहीं चल सका।खोजबीन के दौरान कुएं के पास युवती की चप्पल और दुपट्टा पड़ा मिला। अनहोनी की आशंका पर ग्रामीणों ने कुएं में देखा तो अंदर शव दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची बल्दीराय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।परिजनों ने शव की पहचान पूरे औघड़ निवासी देवी दीन की 19 वर्षीय पुत्री अंजली के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है।थानाध्यक्ष बल्दीराय महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह हादसा है या आत्महत्या, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




