रोहतास/दिनारा/Etv News 24
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के दबंग अजित तिवारी ने 60 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर चंद्रेश्वर चौधरी को गोली मारने के बाद जबरन एक वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया।घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया और वहां खड़े वाहनों सहित संपत्ति में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी।रोहतास पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी अजित तिवारी को उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद जोगिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है।




