पटना/बिहार/Etv News 24/ मुख्य संपादक एस आलम
राजधानी पटना के बोरिंग रोड स्थित ए.एन. कॉलेज सभागार में आयोजित नवबिहार टाइम्स के 37वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवाचारी एवं समाजोपयोगी योगदान के लिए नूतन पाण्डेय को बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के करकमलों द्वारा प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार तथा लोजपा (रा.) विधायक दल के उपनेता डॉ. प्रकाश चंद्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि “स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी शक्ति होती है। मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा सरकार और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। पत्रकारों को निष्पक्षता, सत्य और सामाजिक उत्तरदायित्व को सर्वोच्चन प्राथमिकता देनी चाहिए।” उन्होंने शिक्षा, पत्रकारिता, चिकित्सा, प्रशासन, साहित्य, समाज सेवा, उद्योग एवं खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की।इस अवसर पर नवबिहार टाइम्स के प्रधान संपादक कमल किशोर के नेतृत्व में आयोजित समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, साहित्य, समाज सेवा, उद्योग एवं खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों की अनेक विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी, सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।इसी समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार आधारित शिक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए नूतन पाण्डेय को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण, शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता एवं समाजहित में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान है।सम्मान प्राप्त करने के बाद नूतन पाण्डेय ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मंत्री श्रवण कुमार, डॉ. प्रकाश चंद्र, प्रधान संपादक कमल किशोर एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने Let’s Inspire Bihar के मुख्य संरक्षक एवं मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सौंपी गई जिम्मेदारियों के कारण गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं नवाचार के साथ कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करेगा।नवबिहार टाइम्स के 37वें स्थापना दिवस पर प्राप्त यह सम्मान न केवल नूतन पाण्डेय की उपलब्धि है, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले प्रत्येक शिक्षक के समर्पण, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी सम्मान है।




