तीन युवकों और एक महिला की सतर्कता से हुई बरामदगी
तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
रोहतास थाना क्षेत्र के ढेलाबाद स्थित जालिम बिगहा के समीप सोन नदी में डूबकर लापता हुए 52 वर्षीय उदय पासवान का शव करीब 24 घंटे बाद गुरुवार को तिलौथू थाना क्षेत्र के सोन डीला से बरामद किया गया। तेज बहाव के कारण शव कई किलोमीटर दूर बहकर पहुंच गया था। शव मिलने के बाद परिजनों की तलाश समाप्त हुई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह किसी कार्य से सोन डीला पहुंचे तीन युवकों और एक महिला की नजर नदी में तैर रहे शव पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला और तत्काल इसकी सूचना तिलौथू थाना पुलिस को दी। तिलौथू थानाध्यक्ष शुभम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच के बाद रोहतास थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रोहतास थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद शव की पहचान ढेलाबाद निवासी स्वर्गीय शिव पासवान के 52 वर्षीय पुत्र उदय पासवान के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि उदय पासवान अपनी भैंस को सोन नदी के ढीला क्षेत्र से वापस घर ला रहे थे। इसी दौरान नदी की गहराई और तेज बहाव का सही अनुमान नहीं लग पाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नदी की तेज धारा में बह गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार शाम तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई और इसी बीच तिलौथू के सोन डीला से शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। रोहतास थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा तथा आवेदन मिलने पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में सोन नदी के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए नदी के किनारे जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।



