डेहरी ऑन सोन/रोहतास/Etv News 24
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर उप पुलिस अधीक्षक (Dy. S.P.) पद पर चयनित होने वाली सानिया कलीम को आर.एस.के. पब्लिक स्कूल, बस्तीपुर के निदेशक आनंद सिंह ने उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सानिया कलीम को अंगवस्त्र भेंट कर मिठाई खिलाई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक बधाई दी।निदेशक आनंद सिंह ने सानिया कलीम की उपलब्धि को डेहरी समेत पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा में पहुंचकर सानिया समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने का कार्य करेंगी। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पिएगा वह अवश्य दहाड़ेगा।”इस अवसर पर एक भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिला। सानिया कलीम के पिता कलीम अहमद, जो एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, निदेशक आनंद सिंह के गुरु रहे हैं। ऐसे में गुरु के परिवार की बेटी की इस उपलब्धि पर सम्मान समारोह गुरु-शिष्य परंपरा की सुंदर मिसाल बन गया।आनंद सिंह ने कहा कि सानिया कलीम की सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि से प्रेरित होकर आने वाली पीढ़ी के छात्र-छात्राएं भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए उत्साहित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में इस क्षेत्र से और भी युवा विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाओं में चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्या सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और सानिया कलीम को शुभकामनाएं दीं। सानिया कलीम ने सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।




