बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रशिक्षण संचालित किया जा रहे हैं:, सुजीत कुमार राय
सासाराम (रोहतास) Etv News 24
रोहतास जिले के मंडल कारा सासाराम में बंदियों के सुधार, शिक्षा एवं कौशल विकास को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए शनिवार को त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार जैन के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने कारा परिसर का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं सुधारात्मक गतिविधियों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। टीम ने जेल अस्पताल, महिला वार्ड, रसोईघर, वृद्ध वार्ड, तरुण वार्ड तथा सजावार बंदियों के वार्ड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों में जाकर बंदियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के उपरांत जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश को बुकें देकर स्वागत किया। जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय नेबताया कि जिला जज ने संबंधित विभागों को बंदियों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण के लिए अधिक से अधिक रचनात्मक एवं उपयोगी गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जेल केवल दंड देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास का केंद्र भी है।जेल अधीक्षक ने बताया कि पिछले तीन महीनों के दौरान बंदियों को वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, टेलरिंग एवं लघु उद्योगों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त 40 बंदियों को कंप्यूटर शिक्षा दी गई है, जबकि 220 बंदियों को साक्षरता अभियान के तहत शिक्षित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बंदियों को आत्मनिर्भर बनाना तथा रिहाई के बाद उन्हें सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।कारा प्रशासन के अनुसार मंडल कारा सासाराम को एक आदर्श सुधारात्मक संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। लक्ष्य है कि आने वाले समय में यह जेल बिहार की सर्वश्रेष्ठ जेलों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करे।




