बक्सर/बिहार/Etv News 24 /प्रधान संपादक एस आलम
बक्सर जिले में बीते मंगलवार को मोटरयान निरीक्षकों का एक पिकअप चालक से बदसलूकी करते हुए वीडियो वायरल हो रहा था। इस पर बक्सर जिला प्रशासन ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि बुधवार को आयोजित होने वाली मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए 28-30 पिकअप वाहनों की आवश्यकता थी। इसलिए परिवहन कार्यालय में पदस्थापित मोटरयान निरीक्षक, प्रवर्तन अवर निरीक्षक व चलंत दस्ता सिपाहियों के द्वारा बक्सर जिले के गोलंबर से वाहनों को जब्त किया जा रहा था। तभी कुछ पिकअप वाहन चालकों ने वाहन जब्ती का विरोध करना शुरू कर दिया व प्रशासन को सहयोग करने से इनकार करने लगे। जिस पर कुछ मीडिया वालों को स्थानीय चालकों के द्वारा फोन कर बुलाया गया। जिसके बाद चालकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। वहीं इस घटना की पुष्टि मोटरयान निरीक्षक व घटनास्थल पर तैनात चलंत दस्ता सिपाहियों के द्वारा भी की जा चुकी है। घटनास्थल पर मौजूद मोटरयान निरीक्षक के अनुसार घटनास्थल पर किसी भी तरह की मारपीट न होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इस घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एक तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। यदि कोई अन्य तथ्य सामने आता है तो दोनों पक्षों में जो भी दोषी होंगे, उन पर समुचित कार्रवाई की जाएगी।



