हीट वेव को देखते हुए रोहतास प्रशासन का बड़ा फैसला, कक्षा 6 से 12 तक 10:30 बजे के बाद पढ़ाई पर रोक
तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
रोहतास जिले में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, रोहतास (सासाराम) ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी प्राथमिक विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कोचिंग संस्थानों में वर्ग 5 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां 31 मई 2026 तक स्थगित कर दी गई हैं। वहीं वर्ग 6 से 12वीं तक की कक्षाओं का संचालन पूर्वाह्न 10:30 बजे के बाद प्रतिबंधित रहेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी और लू बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश जिला पदाधिकारी, रोहतास के निर्देश के आलोक में जारी किया गया है।इस आदेश की प्रति जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, प्राचार्यों, कोचिंग संस्थानों के संचालकों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को भेज दी गई है। प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए देश के कई राज्यों में भी स्कूलों के समय में बदलाव और छुट्टियां घोषित की गई हैं।



