सासाराम/रोहतास/ Etv News 24
रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बाराडीह गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक विधवा महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। सोमवार देर शाम हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार रेशमा खातून ने अपनी बेटी तैयबा और बेटे हमजद के साथ घर के अंदर जहरीला पदार्थ खा लिया। देर शाम तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, दरवाजा खोलने पर तीनों अचेत अवस्था में मिले और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। बताया जाता है कि 24 मार्च को महिला के पति हसन रज्जा की मुरादाबाद गांव में जमीन विवाद को लेकर दिनदहाड़े बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें हमलावर उन्हें लाठी-डंडों से पीटने के बाद रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटते नजर आए थे। पति की इस दर्दनाक मौत के बाद से महिला गहरे सदमे में थी और किसी से बातचीत नहीं कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस ने समय रहते आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की होती तो शायद यह घटना नहीं होती। फिलहाल गांव में मातम और तनाव का माहौल है, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और अस्पताल में तीनों की जिंदगी बचाने की कोशिश जारी है।



