डेहरी ओन सोन रोहतास/Etv News 24
बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और विधान परिषद से त्यागपत्र के बाद के घटनाक्रम को लेकर वरीय अधिवक्ता एवं जदयू रोहतास के जिला प्रवक्ता बैरिस्टर सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार की राजनीति में आज भी निर्णायक भूमिका माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ही है और भविष्य में भी सरकार उनके ही निर्देशन में बनेगी और चलेगी।प्रवक्ता ने कहा कि चाहे कोई कितना भी ताकतवर क्यों न हो, नीतीश कुमार के राजनीतिक प्रभाव को खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि बिहार में अगला मुख्यमंत्री भी “लव-कुश समीकरण” से आने वाला नेता ही होगा, जिसे स्वयं नीतीश कुमार पसंद करेंगे।बीजेपी और आरएसएस को लेकर उठ रहे सवालों पर कड़ा प्रतिवाद करते हुए बैरिस्टर सिंह ने कहा कि कुछ लोग “दिन में भी तारे देखने” जैसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि बिहार में किसी अन्य विचारधारा के मुख्यमंत्री बनाने की बातें निराधार हैं।उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार अपना उत्तराधिकारी पहले ही तय कर चुके हैं, सिर्फ उसकी औपचारिक घोषणा बाकी है। यह घोषणा कब होगी, इसका निर्णय स्वयं मुख्यमंत्री ही करेंगे।बैरिस्टर सिंह ने आगे कहा कि बिहार की राजनीतिक संरचना अन्य राज्यों से अलग है। यहां भाजपा सहयोगी के रूप में रहे, तो यह उसके लिए भी बेहतर होगा और केंद्र की राजनीति में भी इसका सकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश किसी के लिए भी नुकसानदेह साबित हो सकती है।प्रवक्ता ने नीतीश कुमार को “पक्का लोहियावादी” बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा देश और राज्य के विकास के लिए समझौता किया है और गठबंधन की राजनीति को आगे बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में गठबंधन आगे भी मजबूती से चलता रहेगा, क्योंकि यहां की जनता समाजवादी विचारधारा को प्राथमिकता देती है।अंत में उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अपने नेता के स्वस्थ और खुशहाल रहने की कामना करती है और राज्य के विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहती है।



