एसडीएम डॉ नेहा कुमारी ने बताई मंदिर की प्राचीन महिमा
क्रिकेटर आकाशदीप की मौजूदगी ने बढ़ाई रौनक
सासाराम/Etv News 24/ ब्यूरो रिपोर्ट
धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्साह के बीच सासाराम स्थित प्रसिद्ध मां ताराचंडी मंदिर परिसर में मां ताराचण्डी महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम नेहा कुमारी द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने मां ताराचंडी मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंदिर सदियों से आस्था का केंद्र रहा है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूरी होती है। उन्होंने बताया कि यह स्थल न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी है।महोत्सव में विशेष आकर्षण के रूप में भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप भी शामिल हुए। उनके आगमन से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका जोरदार स्वागत किया। आकाशदीप ने भी मां ताराचंडी के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से न केवल धार्मिक आस्था मजबूत होती है, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। आने वाले दिनों में महोत्सव के तहत कई अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।



