सासाराम/रोहतास/ Etv News 24/ब्यूरो रिपोर्ट
रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देशानुसार आज 26 फरवरी 2026 को बिहार पुलिस सप्ताह के विशेष अवसर पर सासाराम टाउन थाना और संत जोसेफ स्कूल के सहयोग से एक भव्य जन जागरूकता रैली और संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। रैली का आयोजन पुलिस और जनता, विशेषकर बच्चों के बीच समन्वय और विश्वास बढ़ाने के लिए किया गया। पुलिस और संत जोसेफ स्कूल, रीगल पब्लिक स्कूल और भारत स्कॉट एंड गाइड के छात्र-छात्राओं ने बैनर और नारों के माध्यम से समाज में सुरक्षा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां
सासाराम टाउन थाना अध्यक्ष राजीव रंजन राय ने छात्रों के साथ सीधा संवाद किया और उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में बताया ताकि उनके मन से पुलिस का डर निकले। वहीं सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार और सेफु कुमारी द्वारा बच्चों को साइबर ठगी से बचने के टिप्स दिए गए। उन्हें सिखाया गया कि अनजान कॉल पर OTP न बताएं, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और ठगी होने पर तुरंत National Cyber Crime Reporting Portal या हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन, हेलमेट का अनिवार्य उपयोग और नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।संत जोसेफ स्कूल सह बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने जिला प्रशासन और पुलिस कप्तान का धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस सप्ताह के तहत आयोजित रैली ने न केवल बच्चों को कानून के प्रति जागरूक किया, बल्कि उन्हें समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी। जिला प्रशासन का यह समन्वय आने वाले समय में एक सुरक्षित समाज की नींव रखेगा।”*सामुदायिक पुलिसिंग:* एसपी रोहतास के नेतृत्व में पुलिस सप्ताह के दौरान जिले भर में खेलकूद, मैराथन लगातार आयोजित की जा रही हैं ताकि युवाओं को सकारात्मक दिशा मिल सके। कार्यक्रम में बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष अरुण पांडेय, उपसचिव नरेन्द्र कुमार और पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।



