सासाराम/रोहतास/Etv News 24
नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के 2024 बैच के छात्रों द्वारा वर्ष नवागत विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर पार्टी, बैज सेरेमनी एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक प्रो.डॉ. नीरज कुमार द्वारा स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में समर्पण, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित माननीय कुलपति प्रो. डॉ. जगदीश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थी समाज की सेवा एवं मानवता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्टता, करुणा एवं पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।कार्यक्रम में कुलसचिव के अलावा परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें अनुशासित एवं लक्ष्य केंद्रित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।बैज सेरेमनी के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान का बैज प्रदान किया गया तथा स्वास्थ्य सेवा पेशे की गरिमा बनाए रखने हेतु शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह ने विद्यार्थियों में पेशेवर उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना का संचार किया।इस अवसर पर सहायक कुलसचिव मिथिलेश कुमार सिंह, जनसंपर्क पदाधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह, फैकल्टी ऑफ रिहैबिलिटेशन साइंसेज संकाय के अधिष्ठाता डॉ. अवनीश रंजन, विधि संकाय के अधिष्ठाता, वाणिज्य संकाय के अधिष्ठाता, कृषि संकाय के अधिष्ठाता सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन, शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का संचालन एनआईएएचएस के सहायक प्रोफेसर डॉ. विजय पठानिया ने किया।कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ हुआ।



