करगहर रोहतास/Etv News 24
प्रखंड क्षेत्र के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर केंद्र में आयोजित मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा के दौरान मंगलवार को दोस्त की जगह परीक्षा दे रहे एक मुन्ना भाई को पकड़ा गया । इस आशय की जानकारी केंद्राधीक्षक प्रमोद कुमार ने दी ।उन्होंने बताया कि मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा में अधिकांश छात्र-छात्राएं 14 से 15 वर्ष के उम्र के होते हैं । लेकिन 28 वर्षीय युवक को परीक्षा देते देख संदेह हुआ । जिसके आधार पर उससे पूछताछ शुरू की गई । इस बीच बोर्ड से जारी प्रवेश पत्र का वेरिफिकेशन किया गया । जिसमें दूसरे छात्र की तस्वीर थी। जब उसे असली प्रवेश पत्र दिखाया गया तो उसके होश उड़ गए । परीक्षा में शामिल ग्राम व थाना संझौली , रोहतास निवासी सुभाष चौधरी का 28 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार ने बताया कि अपने दोस्त की मजबूरी को देखते हुए उसके बदले परीक्षा में शामिल हुआ है । आर्थिक तंगी के कारण ग्राम वाजिदपुर ,थाना संझौली निवासी अमित कुमार हैदराबाद की एक कंपनी में मजदूरी का कार्य करता है । केंद्राधीक्षक ने बताया कि युवक के बयान को दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई । जिसके आलोक में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया । थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है ।



