सासाराम कार्यालय/ Etv News 24
तिलौथू प्रखंड की सड़कों पर यातायात व्यवस्था ने एक आदर्श स्थिति प्रस्तुत की। न तो जाम था और न ही सड़कों पर अनावश्यक रूप से गाड़ियां खड़ी थीं। इस बेहतर व्यवस्था का मुख्य कारण जिलाधिकारी महोदया उदिता सिंह का तिलौथू में आयोजित जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम था। जिलाधिकारी के आगमन के मद्देनजर चार चौकीदार सड़कों पर तैनात थे और आवागमन दिनभर सुगम रहा।हालांकि, जैसे ही जिलाधिकारी महोदया ने सासाराम के लिए प्रस्थान किया, स्थिति फिर से पुरानी स्थिति में लौट आई। जाम की समस्या ने पुनः आम जनता को घेर लिया। 23 जनवरी को जाम का आलम यह था कि एंबुलेंस भी 10 मिनट तक फंसी रही।स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों की गाड़ियां भी अब इस जाम में फंसने लगी हैं। दिनभर में चार बार तक अधिकारी जाम का सामना करते हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।तिलौथू की जनता लंबे समय से इस समस्या से त्रस्त है और प्रशासन से अपील कर रही है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थायी समाधान किया जाए। ऐसा न हो कि केवल किसी बड़े अधिकारी के आगमन पर ही व्यवस्थाएं सुधरें और उसके बाद फिर जनता को परेशानी झेलनी पड़े।



