एसी कंप्रेशर फटने से धमाके की आशंका खारिज, जांच में जुटी फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ पहुंची एटीएस
चौकी के मुख्य गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब, घटनास्थल के आसपास भी नहीं है कोई कैमरा
गाजियाबाद उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में बुधवार रात हुए जोरदार धमाके ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। शुरुआती तौर पर धमाके की वजह एसी कंप्रेशर फटना मानी जा रही थी, लेकिन जांच के दौरान इसके पीछे केमिकल के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
धमाके में एक दरोगा और डिलीवरी बॉय घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। वहीं, एटीएस की टीम भी जांच के लिए पुलिस चौकी पहुंच गई है।

जानकारी के मुताबिक, धमाका पुलिस चौकी के पिछले हिस्से में हुआ। इस स्थान पर कबाड़ वाहनों को खड़ा किया जाता है। धमाका इतना तेज था कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में भी हल्की दरार आ गई। घटना के समय चौकी के अंदर एक सब इंस्पेक्टर मौजूद थे, जबकि एक डिलीवरी बॉय सामान पहुंचाने आया था। दोनों धमाके की चपेट में आकर घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में धमाके की वजह एसी कंप्रेशर का फटना नहीं लग रही है। प्रारंभिक जांच में केमिकल के जरिए विस्फोट किए जाने की आशंका सामने आई है। हालांकि, धमाके की वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सीसीटीवी कैमरे खराब होने से बढ़ी जांच की चुनौती
वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके की संवेदनशीलता इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि यह कोई सुनसान स्थान नहीं, बल्कि व्यस्त इलाके में स्थित है। चौकी के दोनों तरफ सड़कें हैं, जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ती हैं। इसके ठीक ऊपर दिल्ली से राजनगर की ओर जाने वाला एलिवेटेड रोड भी गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में लगातार लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। इतना ही नहीं, पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर लगा कैमरा भी खराब बताया जा रहा है। ऐसे में धमाके से पहले वहां कौन आया, क्या गतिविधियां हुईं और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। फिलहाल पुलिस की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर धमाके की वजह और इसके पीछे किसी साजिश की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।




