डेहरी रोहतास/Etv News 24
इंद्रपुरी स्थित सोन बराज कॉलोनी में अनावंटित आवासों पर अवैध कब्जा जमाए लोगों के खिलाफ जल संसाधन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। विभाग की ओर से सोमवार को सभी अवैध रूप से कब्जाए गए आवासों पर नोटिस चस्पा कर 31 अक्टूबर तक खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है। साथ ही अवैध बिजली कनेक्शन हटाने का भी निर्देश दिया गया है।
सोन बराज प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए सहायक अभियंता संजय झा ने बताया कि नोटिस चस्पा करने के साथ ध्वनि विस्तारक यंत्र से माइकिंग कराकर लोगों से स्वेच्छा से आवास खाली करने की अपील की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा तक आवास खाली नहीं करने वालों के विरुद्ध विभागीय निर्देश के आलोक में संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कॉलोनी में बड़ी संख्या में ऐसे आवास हैं, जिनका आवंटन किसी कर्मचारी के नाम पर नहीं हुआ है, लेकिन उन पर वर्षों से अवैध कब्जा है। कई जगहों पर अवैध विद्युत संयोजन के जरिए बिजली का उपयोग भी किया जा रहा है। इससे विभाग को राजस्व की क्षति हो रही है, वहीं पात्र कर्मियों को आवास आवंटित करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग की इस सख्ती से कॉलोनी में अवैध रूप से रह रहे लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। अब सबकी निगाहें 31 अक्टूबर की समय सीमा पर टिकी हैं।




