सासाराम (रोहतास) रोहतास/Etv News 24
नोखा विधायक नागेन्द्र चन्द्रवंशी, जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार के० द्वारा नोखा प्रखंड अंतर्गत दहासील पोखरा एवं तेंदुआ शिव मंदिर का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थल की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सरकारी भूमि, प्राकृतिक संसाधनों एवं पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा दहासील पोखरा क्षेत्र को संभावित वेटलैंड (आर्द्रभूमि) के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं का भी अवलोकन किया गया। बताया गया कि दहासील पोखरा को पर्यावरणीय एवं पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में आवश्यक संभावनाओं का अध्ययन करते हुए इसे वेटलैंड के रूप में विकसित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी, नोखा को तालाब एवं आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी भूमि की मापी कराने तथा आवश्यकतानुसार अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उपलब्ध सरकारी भूमि का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान दहासील पोखरा में बड़ी मात्रा में फैली जलकुंभी का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जलकुंभी के कारण पोखर के जल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इसे देखते हुए जलकुंभी हटाने एवं पोखर की साफ-सफाई का कार्य कराया जाएगा। पोखर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण से क्षेत्र के स्वरूप में सुधार के साथ-साथ पर्यटन विकास की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।




