घायल और बीमार गोवंश को मिलेगा तत्काल उपचार
गोशालाओं की निगरानी होगी सख्त
पंचगव्य चिकित्सा पर शोध को बढ़ावा 82550गो-संरक्षण से जुड़ेंगे स्वयं सहायता समूह और किसान
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
राजधानी लखनऊ हादसों में घायल होने वाले गोवंश को अब तत्काल उपचार और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में इमरजेंसी रेस्क्यू सिस्टम विकसित किया जाएगा। योगी सरकार ने गोवंश संरक्षण को और प्रभावी बनाने के साथ ही गोशालाओं की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए यह पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गो सेवा आयोग के अध्यक्ष और पदाधिकारियों के साथ बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश और गोशालाओं का नियमित एवं प्रभावी निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियां गिनाना नहीं, बल्कि सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना होना चाहिए। गोशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था लगातार बनी रहे।
बीमार और कमजोर गोवंश की होगी विशेष निगरानी
सीएम ने बीमार और कमजोर गोवंश की विशेष देखभाल के निर्देश दिए। लम्पी स्किन डिजीज तथा खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए समय से टीकाकरण कराने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही हादसों में घायल होने वाले गोवंश को रेस्क्यू कर शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिलास्तर पर प्रभावी व्यवस्था तैयार करने को कहा गया है।
पंचगव्य चिकित्सा पर शोध को मिलेगा बढ़ावा
गोवंश आधारित चिकित्सा और उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए पंचगव्य आधारित चिकित्सा पर शोध को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए मथुरा स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गौ-अनुसंधान संस्थान और लखनऊ के राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ा जाएगा गो-संरक्षण सरकार गो-संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में भी काम करेगी। महिला स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और किसानों को गोबर व गोमूत्र आधारित उत्पादों के निर्माण तथा उनके विपणन से जोड़ा जाएगा। इससे गोशालाओं की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर विकसित करने पर भी जोर रहेगा।




