तिलौथू रोहतास/ Etv News 24 /संवाददाता हैदर अली
अमझोर थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव के समीप डेहरी-अकबरपुर NH-119 मुख्य मार्ग पर रविवार की शाम करीब सात बजे मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे ट्रैक्टर को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज बनारस के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। वहीं दो घायलों का इलाज सदर अस्पताल, सासाराम में कराया जा रहा है।मृतकों में अजीत कुमार, पिता प्रमोद चंद्रवंशी तथा रविन्द्र शर्मा के पुत्र शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार सुबह करीब पांच बजे शवों को सड़क पर रखकर NH-119 जाम कर दिया। करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर एसडीएम नीलेश कुमार, तिलौथू व अमझोर थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी तिलौथू,पुलिस इंस्पेक्टर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।प्रशासन द्वारा मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने तथा डालमिया सीमेंट कंपनी से वार्ता के बाद दोनों मृतकों के आश्रितों को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने करीब 11 बजे जाम समाप्त किया।सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवालप्रत्यक्षदर्शियों ने डंपर चालक पर नशे की हालत में तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन एवं परिवहन विभाग के सामने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौती है।NH-119 पर स्पीड मॉनिटरिंग, नियमित वाहन जांच, ब्रेथ एनालाइजर से नशे में वाहन चलाने वालों की जांच, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर पर्याप्त संकेतक और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है। मूर्ति विसर्जन, धार्मिक जुलूस और अन्य आयोजनों के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था, पुलिस गश्त और वाहनों की गति पर नियंत्रण की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते इन उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तो सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।




