डुमरांव रोड में रात के वक्त अचानक हमले से मची अफरा-तफरी, एसडीओ ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
बिक्रमगंज/रोहतास Etv News 24
बिक्रमगंज शहर के डुमरांव रोड क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक आक्रामक सियार ने हमला कर करीब पांच लोगों को घायल कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 18 सितंबर की रात करीब नौ बजे डुमरांव रोड क्षेत्र में सियार के हमले में लगभग पांच लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी ने अनुमंडलीय अस्पताल, बिक्रमगंज के उपाधीक्षक के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली।
घायलों के इलाज को लेकर अस्पताल प्रशासन को निर्देश
एसडीओ ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज एवं उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी चिकित्सकीय पदाधिकारियों से ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि सियार के हमले में घायल सभी लोगों को प्राथमिकता के आधार पर समुचित उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके अलावा, हमले में घायल एक व्यक्ति के इलाज की स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीओ करुणा अस्पताल, बिक्रमगंज भी पहुंचे। वहां उन्होंने चिकित्सकों से घायल की स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सतर्कता बरतने और लोगों को जागरूक करने का निर्देश
घटना के मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र में सतर्कता बरतने, आम लोगों को सावधानी के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे रात में अनावश्यक रूप से सुनसान इलाकों में जाने से बचें।
साथ ही, किसी भी संदिग्ध अथवा आक्रामक जंगली जानवर के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने और तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
अनुमंडल प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव कार्रवाई की जा रही है।




